26 मार्च 2016 - 17:39
ईरानी राष्ट्रपति रूहानी ने की पाकिस्तान के राष्ट्रपति से मुलाक़ात।

पाकिस्तान के दौरे पर गए राष्ट्रपति रूहानी ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष ममनून हुसैन के साथ मुलाक़ात में द्विपक्षीय व अंतर्राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर विचार-विमर्श किया।

पाकिस्तान के दौरे पर गए राष्ट्रपति रूहानी ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष ममनून हुसैन के साथ मुलाक़ात में द्विपक्षीय व अंतर्राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर विचार-विमर्श किया।
शनिवार को पाकिस्तान के राष्ट्रपति भवन में हुई इस मुलाक़ात में राष्ट्रपति हसन रूहानी और पाकिस्तान के राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने तेहरान व इस्लामाबाद संबंधों में बेहतरी को क्षेत्र के हित में बताया। डाक्टर रूहानी ने कहा कि ईरान, पाकिस्तान की बिजली की ज़रूरत को पूरा करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि ईरान के ख़िलाफ़ पाबंदियां हटने के बाद दोनों देशों के बीच ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग का अवसर उपलब्ध हुआ है।
ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि सीमावर्ती मंडियों की स्थापना से दोनों देशों के बीच स्वतंत्र व्यापार को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। उन्होंने इसी प्रकार सीमा पर सुरक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि ईरान से मिली पाकिस्तान की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। राष्ट्रपति ने बल दिया कि ईरान, पाकिस्तान के साथ सभी क्षेत्रों में सहयोग विस्तार का स्वागत करता है।
इस अवसर पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने कहा कि उनका देश ईरान के साथ सभी क्षेत्रों में सहयोग के लिए तय्यार है। उनका कहना था कि पाकिस्तान और ईरान के बीच मौजूदा एक अरब डॉलर के व्यापार के स्तर को बढ़ाने की ज़रूरत है।
उधर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ ने कहा है कि दोनों देशों के मध्य व्यापारिक लेन-देन को 5 अरब डॅालर तक पहुंचाना, पाकिस्तान की इच्छा है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही गैस पाइप लाइन परियोजना को पूरा करना तथा चाबहार बंदरगाह के संदर्भ में सहयोग विस्तार आवश्यक है।